तिर्वा। छिबरामऊ तहसील में तैनात न्यायिक एसडीएम द्वारा वकीलों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के विरोध में तिर्वा तहसील के वकीलों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। वकीलों ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी कर घटना की निंदा की। न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध जताया।
छिबरामऊ न्यायिक एसडीएम ने गुुरुवार को दो नामजद समेत अन्य वकीलों पर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसकी सूचना मिलते ही तिर्वा तहसील के वकील आक्रोशित हो गए। वकीलों का कहना है कि यह कदम वकीलों का मनोबल को गिराने वाला है। तिर्वा के वकीलों ने छिबरामऊ के वकीलों के समर्थन में तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और न्यायिक कार्य से दूर रहे। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने कहा कि यदि दर्ज कराई गई रिपोर्ट को वापस नहीं ली गई तो आंदोलन होगा।
वकीलों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अधिवक्ता समाज का सम्मान बनाए रखने के लिए वह किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं। स्पष्ट कहा कि यह केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज पर हमला है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान वकील प्रतीक यादव, संजीव तिवारी, कल्पेंद्र सिंह, अंकित गुप्ता, उत्तम सिंह, बलराम यादव, कुलदीप आदि मौजूद रहे।