प्रेमपुर(कन्नौज)। लगभग एक पखवाडे़ से सर्दी ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर रखा है। शासन व प्रशासन ने लोगों को सर्दी से निजात दिलाने के लिए जगह-जगह अलाव की व्यवस्था करने का फरमान जारी किया है। इसके बाद भी अभी तक देहात में अलाव की आंच नहीं पहुंची है। लगातार गिर रहा पारा जानलेवा साबित होने लगा है।
देहात इलाके में अलाव न जलने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
विशुनगढ़ व प्रेमपुर में अभी तक अलाव नहीं जलवाए गए हैं। मुख्य मार्ग के किनारे के दुकानदार सड़कों पर पड़े कूड़ा करकट व पॉलिथीन जलाकर खुद को सर्दी से दूर रखने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ लोगों ने निजी खर्चे से अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अलाव जलवाए हैं। विशुनगढ़ के इलियास हुसैन, जावेद हुसैन, आछेलाल, हरीशचंद्र पाल, बृजेश शुक्ला, संजय गुप्ता, शेख मोहम्मद शाह समेत प्रेमपुर के तमाम बाशिंदों ने अलाव जलवाए जाने की मांग की है।
अलाव न जले तो होगी कार्रवाई
तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में अलाव जलवाने की जिम्मेदारी प्रधानों और पंचायत सचिवों को सौंपी गई है। प्रेमपुर में राजस्व निरीक्षक सेवाराम वर्मा को अलाव जलवाए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। देहात में अलाव नहीं जले हैं तो इसकी जांच करवाई जाएगी। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।