गोशाला का निरीक्षण करते सीवीओ और ब्लॉक नोडल अधिकारी।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। विकास खंड तालग्राम की टिकरी कलसान गोशाला में प्यास से तड़प रहे गोवंश की मौत की खबर को संज्ञान में लेकर डीएम ने अफसरों को फटकार लगा दी। इसके बाद एसडीएम, विकास खंड अधिकारी, सीवीओ गोेशाला पहुंचे। अफसरों ने गोशाला का निरीक्षण किया। हैंडपंप ठीक कराने के बाद दूसरे इंतजाम कराए गए।
अमर उजाला ने 23 अगस्त को पांच दिनों से प्यास से तड़प रहे गोवंश, ग्रामीणों में आक्रोश खबर छापी थी। 25 अगस्त को प्यास से तड़प रहे गोवंश की मौत की खबर में गोशाला में बदइंतजामी को उजागर किया था। इसे डीएम राकेश कुमार ने गंभीरता से लिया। सीडीओ के निर्देश पर विकास खंड अधिकारी और पशुपालन विभाग हरकत में आ गया। आनन-फानन में व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं। गोशाला के ब्लाक नोडल अधिकारी डॉ. विकराल सिंह ने बताया कि कुछ खामियां मिली थीं। इन्हें दुरुस्त करा दिया गया। दोबारा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गोशाला तक पहुंचेगी बिजली लाइन
सीवीओ एके सिंह ने ब्लाक नोडल अधिकारी डॉ. विकराल सिंह के साथ गोशाला की हकीकत देखी। हरा चार भूसे में मिलाकर खिलाने की हिदायत दी। प्रधान राजकिशोर ने सोलर प्लेट चोरी होने की शिकायत की। सीवीओ ने पानी की व्यवस्था के लिए गोशाला तक बिजली लाइन खिंचवाने का आश्वासन दिया। वहीं एसडीएम गौरव शुक्ला ने भी गोशाला का निरीक्षण किया। गोबर और घूरे के ढेर लगे होने पर नाराजगी जताई। उन्हाेंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केयर टेकरों को लगाई फटकार
सीडीओ के निर्देश पर बीडीओ उपेंद्रनाथ खरवार और एडीओ एग्रीकल्चर अरविंद सिंह भी गोशाला पहुंचे। खामियां मिलने पर केयर टेकरों को हड़का दिया। प्रधान और सचिव से वार्ता कर खराब हैंडपंप को ठीक कराया गया। सचिव गौरीशंकर को बेहतरी के दिशा निर्देश दिए गए।