छिबरामऊ। अलविदा जुमा की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन ने नगर और देहात क्षेत्र की मस्जिदों में पहुंचकर संभ्रांत लोगों से बात की। इसके बाद घरों में ही नमाज अदा करने के लिए मस्जिद से एलान करवाया। इसके बाद लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की। कोरोना के खात्मे के लिए अल्लाह से दुआ की।
शुक्रवार की सुबह क्षेत्राधिकारी शिवकुमार थापा और कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ नगर की मस्जिदों में गए। कोरोना संक्रमण का हवाला देकर मौजूद लोगों को घरों में ही नमाज अदा करने के लिए कहा। नगर के मुख्य बाजार स्थित जामा मस्जिद में पहुंचकर मुतवल्ली शाहनवाज मंसूरी, कमेटी के सदस्य राशिद फारुखी और अन्य लोगों से मिलकर लाउडस्पीकर से घरों में ही नमाज अदा करने का एलान कराया।
इसी तरह मोहल्ला गनेश चौधरी, कस्सावान, जुलाहपुरी, चौधरियान, ऊंचा, सदरजहां सहित नगर व देहात क्षेत्रों की सभी मस्जिदों में पहुंचकर इमाम से मिलकर कोविड नियमों का पालन करते हुए घरों नमाज करने के लिए लाउड स्पीकर से एलान कराया। उधर, मोहल्ला बिरतिया स्थित जामा मस्जिद के मुतवल्ली अहमद खान के घार पर मासूम बच्चों ने नमाज अदा कर कोरोना संक्रमण से मुक्ति के लिए अल्लाह से दुआ मांगी।