गुरसहायगंज। अलग-अलग मामलों में युवक व मासूम की मौत को लेकर परिजनों ने मंगलवार को निजी चिकित्सकों पर गलत इलाज का आरोप लगाया। हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक व मासूम को मृत घोषित कर दिया। दोनों मामलों में परिजनों ने निजी चिकित्सक की लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में चीख पुकार मच गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव चांदापुर निवासी रामरतन (55) बीमार चल रहे थे। परिजनों के अनुसार उनका इलाज कस्बे के एक निजी चिकित्सक से चल रहा था। सोमवार दोपहर साढ़े बारह बजे अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
वहीं ,दूसरी घटना कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर की है। मोहल्ला निवासी विकास का एक वर्षीय पुत्र कृष्णा मंगलवार सुबह अचानक बीमार हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों परिवारों ने आरोप लगाया कि निजी चिकित्सक के गलत उपचार और लापरवाही के कारण मरीजों की हालत बिगड़ी और जान चली गई। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर परीक्षित ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। प्रभारी निरीक्षक अजय अवस्थी ने बताया कि अभी तक किसी ने डॉक्टर के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।