कोतवाली क्षेत्र के बलनपुर माइनर के पास शुक्रवार की दोपहर एक बजे बेला की ओर से सवारियां लादकर ला रही एक प्राइवेट बस ने तिर्वा-बेला मार्ग पर सड़क पास कर रहे एक आठ वर्षीय बालक को रौंद दिया। बालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे प्राइवेट बस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। सूचना पाकर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को पकड़कर पुलिस कोतवाली ले आई। उधर, ग्रामीणों ने बालक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने के दौरान तिर्वा कोतवाल व ठठिया थानाध्यक्ष की ग्रामीणों से नोकझोंक हुई। करीब डेढ़ घंटे के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। कोतवाली में मृतक के मामा ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अचरा गांव निवासी आयुष कुमार यादव (8) पुत्र प्रवेश कुमार अपनी ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपनी मां मनीषा के साथ तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गपचरियापुर गांव आया था। उसके मामा भानू प्रताप बलनपुर माइनर के निकट सड़क पर पल्ला डालकर अनाज खरीदते हैं। आयुष भी अपने मामा के पास था। दोपहर एक बजे के करीब सड़क पार करते समय प्राइवेट बस ने रौंद दिया, उसकी मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक ने बस को भगाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बालक के शव को रोड पर रखकर तिर्वा-बेला मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजन दस लाख रुपये के मुआवजे की मांग कर रहे थे। उधर, सूचना पाकर तिर्वा कोतवाल आलोक कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब जाम खुलवाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पाकर ठठिया थानाध्यक्ष अजयराज व अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।
दोनों थानाध्यक्षों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर बालक के शव को रोड से हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीण दोनों पुलिस अधिकारियों से उलझ गए। जमकर तीखी नोकझोंक हुई। बाद में लोगों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया। कोतवाली में बालक के मामा महेंद्र प्रताप सिंह निवासी गपचरियापुर ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल आलोक यादव ने बताया कि चालक और बस को कोतवाली लाया गया है।
31 मई को है तिलक समारोह
तिर्वा। गपचरियापुर गांव निवासी उत्तम सिंह यादव राजकीय मेडिकल कालेज कन्नौज में संविदा पर फार्मासिस्ट पद पर तैनात है। उनका तिलक 31 मई को है। बारात सात जून को जानी है। उत्तम के विवाह में शामिल होने के लिए उनकी बहन मनीषा अपने पुत्र आयुष के साथ गांव आई थी। आयुष की मौत के बाद गम का माहौल है।
जाम से लगी वाहनों की लंबी कतारें
हादसे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक रहे जाम के कारण तिर्वा बेला मार्ग पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। उधर, दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार यात्रियों में पथराव से भगदड़ मच गई। किसी तरह से यात्रियों ने बस से उतरकर अपनी जान बचाई। इस दौरान कुछ महिला यात्रियों का सामान भी छूट गया।