लोगों को समझाते सीओ वीपी सिंह सोलंकी।
- फोटो : अमर उजाला
तालग्राम मार्ग पर बहवलपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत हो गई। हादसा होते ही लोगों के दौड़ने पर युवक बाइक छोड़ कर भाग निकला। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने तालग्राम रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बहवलपुर गांव निवासी पिल्ली उर्फ बउआ की पत्नी गुड्डी देवी (30) शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर से सामान लेने परचून की दुकान पर जा रही थी। तालग्राम रोड पर बहवलपुर गांव के तालाब के पास सामने से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला और बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। जब तक आस-पड़ोस के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, बाइक छोड़कर युवक भाग निकला।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पति समेत अन्य परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया गुड्डी देवी गर्भवती थी। दुर्घटना से गुस्साए गिहार समुदाय के लोगों ने जाम लगा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल सीएल वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम लगानेे वाले लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी वीपी सिंह सोलंकी भी मौके पर पहुंचे।
जाम लगाए लोग मृतका के परिजनों को मुआवजा दिलाने और बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। इस बीच अंधेरे में किसी ने ईंट चला दी जो मौके पर खड़े दारोगा के हाथ में लगी। इससे एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी लोग जाम खोलने के लिए तैयार नहीं थे। खबर लिखे जाने तक तालग्राम रोड पर जाम लगा था।