तालग्राम। ढाई माह के मासूम की शुक्रवार शाम को मौत हो गई। मासूम के परिजनों ने टीका लगने के बाद हालत बिगड़ने का आरोप लगाया है। स्वास्थ्य विभाग मासूम के परिजनों की लापरवाही की बात कह रहा है।
तालग्राम क्षेत्र के माधौनगर निवासी राजीव कठेरिया की पत्नी आरती ने बताया कि ढाई माह के बेटे अंश को 11 फरवरी को स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगा था। 12 फरवरी को शरीर पर फफोले पड़ने लगे। तब बेटे को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचीं। वहां पर एएनएम ने सीएचसी पर डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। 13 फरवरी को सीएचसी के डॉक्टर को दिखाया। वहां पर बच्चे को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल जा रहे थे पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
आरती का आरोप है कि टीका लगने के बाद ही बेटे की तबीयत बिगड़ी थी। एएनएम संध्या ने बताया कि पांच फरवरी को टीका लगाया था। अगर टीका से बच्चे को कोई दिक्कत होती 24 घंटे में पता चल जाता। 12 फरवरी को परिजन बच्चे को लेकर आए थे। बच्चे को सीएचसी ले जाने की सलाह दी थी, लेकिन परिजन एक दिन बाद ले गए थे। सीएचसी प्रभारी डॉ. कुमारिल मैत्रेय ने बताया कि बच्चे को पीलिया था। बच्चे को सीएचसी से रेफर किया गया था पर परिजन मेडिकल कॉलेज या जिला अस्पताल नहीं ले गए और निजी अस्पताल में इलाज कराते रहे। बच्चे की पीलिया से मौत हुई है।