ईद मिलने पर बुआ के घर जा रहे बाइक सवारों को मिरगावां के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। परिजनों के पहुंचने से पहले पुलिस ने शव को हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने हंगामा किया। विरोध होता देख पुलिस को शव छोड़ना पड़ा। इसके बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार की दोपहर गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के घमईचमऊ निवासी फुरकान (18) पुत्र रफीक अपने दोस्त इमरान (17) पुत्र फैजुल्लुर रहमान के साथ बाइक से अपनी बुआ के घर मिरगावां ईद मिलने जा रहा था। तभी मिरगांवा मोड़ पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार फुरकान की मौके पर ही मौत हो गई। इमरान को मामूली चोट आई है। सूचना पर गुरसहायगंज कोतवाल अमर पाल सिंह, जसोदा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार व नौरंगपुर चौकी प्रभारी हरीश वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन कुमार मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने त्योहार पर अशांति की आशंका को देखते हुए शव को टेंपो में डालकर हटाने का प्रयास किया। इसी बात पर मुस्लिम समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों से आने पर ही शव हटने की बात कही। ग्रामीणों का विरोध देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव को हटाया, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया है।