तिर्वा (कन्नौज)।। जयपुर से बिहार के छपरा शव ले जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में दो चालक समेत सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। तीन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
बिहार के छपरा जनपद के इकमा गांव निवासी शुभनारायण जयपुर के नोडल टाउन में रहते थे। वहीं प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। मंगलवार को शुभनारायण की ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई। घटना की जानकारी उनके गांव में रहने वाले परिजनों को दी गई। पुत्र राजीव कुमार परिजनों साथ शव लेने के लिए जयपुर पहुंचे। वह पिता का शव एंबुलेंस से जयपुर से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से होते हुए छपरा लिए जा रहे थे। तिर्वा कोतवाली के वनपुरा गांव के समीप एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें सवार एंबुलेंस चालक राजस्थान के दौसा जनपद के खानपुर गांव डिजनी के संजय पुत्र भजानंद, कैलाश पुत्र संपतराम, आशीष व बिहार छपरा के इकमा निवासी सिद्धांत पुत्र राजीव कुमार, गौरव पुत्र उपेंद्र, राजीव कुमार व रवि पुत्रगण शुभनारायण घायल हो गए। हादसा होते ही एक्सप्रेस-वे पर चीखपुकार मच गई। वाहन चालकों ने घटना की जानकारी यूपी 100 पुलिस व यूपीडा के सुरक्षा कर्मियों को दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। तीन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। मामूली घायल राजीव अन्य घायलों के साथ मेडिकल कालेज से पिता का शव लेकर चले गए।