तीसरे चरण में होने वाले तालग्राम व गुगरापुर ब्लाक
क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में पांच वार्डों से 147
प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। अंतिम दिन 52 प्रत्याशियों ने नामांकन
पत्र दाखिल किए। पहले दिन इन दोनों ब्लाकों के पांच वार्डों से 95
प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
बुधवार को वार्ड सात से नौ,
वार्ड आठ से 15, वार्ड नौ से 12, वार्ड 10 से पांच और वार्ड 11 से 11
प्रत्याशियों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए। इस मौके पर सीडीओ उदयराज यादव,
एएमए राधेश्याम शर्मा, एआरओ अमिताभ कुमार, मुन्ना यादव, एसके गुप्त समेत
कई अफसर व पुलिसकर्मी मौजूद थे।
उधर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ममता
कनौजिया ने अनारक्षित वार्ड 11 से अंतिम दिन नामांकन कर सबको हैरत में डाल
दिया है। यहां से कुल 30 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए हैं। बुधवार को
पूर्व अध्यक्ष ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए एक सेट में एआरओ मुन्ना यादव
के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
उधर, जिला पंचायत सभागार में गुरुवार
को तालग्राम व गुगरापुर ब्लॉक क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य पद के
प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच चली। इस दौरान तालग्राम के एक
वार्ड से सजायाफ्ता का नामांकन पत्र सामने आया। नौ अक्तूबर को भी जांच
होगी। उसके बाद शाम को विधिमान्य सूची फाइनल की जाएगी।
पहले दिन एक
प्रत्याशी निकला सजायाफ्ता, जिसकी विस्तृत पड़ताल अभी की जाएगी। तालग्राम
ब्लॉक क्षेत्र के एआरओ मुन्ना यादव व गुगरापुर ब्लॉक क्षेत्र के एआरओ की
देखरेख में जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों को
गहनता से जांचा गया।
इसमें प्रत्याशियों का मतदाता सूची में नाम और
प्रस्तावक का संबंधित वार्ड में नाम खोजा गया। पहले दिन किसी भी प्रत्याशी
के नामांकन की घोषणा नहीं की गई। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र वैध पाए
गए। शुक्रवार को इसकी औपचारिक घोषणा आरओ उदयराज यादव की सहमति से की जाएगी
कि कितने पर्चे वैध व अवैध मिले। जांच के पहले दिन प्रत्याशी सभागार में
डटे रहे।