संवाद न्यूज एजेंसी
तालग्राम। रबी सीजन में किसान सहकारी सेवा समिति पर डीएपी, एनपीके खाद का स्टाॅक नहीं था। खाद न होने से किसान परेशान थे और निजी उर्वरक विक्रेताओं से अधिक दामों पर खरीदने को मजबूर थे। अमर उजाला ने 27 अक्तूबर को फसल बुआई की तैयारी पर खाद की किल्लत बढ़ा रही परेशानी शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार ने खबर को गंभीरता से संज्ञान लिया और समिति के सचिव को खाद स्टाॅक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सचिव ने 35 मीट्रिक टन डीएपी और 35 मीट्रिक टन एनपीके खाद की डिमांड भेजी। इसके बाद 30 अक्तूबर को समिति पर खाद आ गई है। बुधवार को किसानों को डीएपी, एनपीके वितरित की जाने लगी है। इससे किसानों को काफी सहूलियत मिल गई है। किसान सेवा सहकारी समिति तालग्राम के सचिव सत्यवीर सिंह यादव ने बताया कि 700 बोरी डीएपी व 700 बोरी एनपीके आ गई है। डीएपी 1350 रुपये प्रति बोरी और एनपीके 12-32-16 की बोरी सरकारी मूल्य 1470 रुपये में किसानों को वितरण की जा रही है। यूरिया और नैनो यूरिया भी समिति पर उपलब्ध है। समिति पर अब खाद की कोई कमी नहीं है।