कन्नौज। पांच लाख रुपए की रंगदारी न देने एक इत्र कारोबारी को महंगा पड़ गया। आरोपियों ने इत्र कारखाना में घुसकर उसके ऊपर जानलेवा हमला बोल दिया। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के तारमऊगढ़ी निवासी दिग्विजय कटियार ने बताया कि उनका तेजपुरवा गांव में इत्र का प्लांट है। 30 अप्रैल को फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पुराना कोटा पर्चा निवासी अनुराग गंगवार व घुमइया रसूलपुर निवासी हरेंद्र गंगवार अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ कारखाना में जबरदस्ती अंदर घुस आए और पांच लाख की मांग करने लगे। रुपये नहीं देने पर कारखाना नहीं चलने देने की धमकी देने लगे। रंगदारी न देने की बात कहने पर सभी लोगों ने हमला बोल दिया। शोरगुल सुनकर फैक्ट्री में काम करने वाले शिवम व रोहित आ गए। लोगों को इकट्ठा होता देख जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कहा कि उसने घटना की जानकारी तत्काल मानीमऊ पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोप लगाया है कि उसने मामले की शिकायत सीओ सिटी से की थी। लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस ने एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।