संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। पुलिस के साथ मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शहर का माहौल बदला-बदला सा दिख रहा है। अब हर चौक-चौराहों पर पुलिस की कार्रवाई की चर्चा हो रही है। रविवार को सांसद सुब्रत पाठक तो अलग-अलग सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखे, लेकिन उनके जिन समर्थकों पर रिपोर्ट दर्ज हुई है, वह कहीं नजर नहीं आए।
दरअसल शुक्रवार की रात शहर की गल्ला मंडी स्थित पुलिस चौकी में उन्नाव में हुए अपहरण के मामले में यहां पहुंची पुलिस से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई थी। मंडी चौकी पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपहरण के आरोप में पकड़े गए आरोपियों को छुड़ाने के लिए खूब हंगामा काटा था। कार्यकर्ताओं के ही बुलावे पर सांसद सुब्रत पाठक भी वहां पहुंच गया था। बाद में उन पर आरोप लगा कि उन्होंने मंडी चौकी प्रभारी का कॉलर पकड़कर उसे गाली दी और मारपीट की। इस दौरान उनके कार्यकर्ताओं ने भी दूसरे पुलिसकर्मियों से मारपीट की। इस मामले में मंडी चौकी प्रभारी हाकिम सिंह की तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली में शनिवार को सांसद सुब्रत पाठक और उनके नौ समर्थकों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके अलावा उनके 40-42 अज्ञात समर्थकों पर भी रिपोर्ट दर्ज की गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सांसद ने शनिवार और रविवार को पुलिस पर खूब आरोप लगाए। वह अपने कार्यालय में मीडिया से रूबरू हुए। इसके अलावा दूसरे कार्यक्रमों में भी शिरकत की। हालांकि उनके वह समर्थक नहीं दिखे, जिनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट हुई है।