तिर्वा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा तो मिल रही है पर जांच के बाद रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सीटी की रिपोर्ट 15 और एमआरआई की 20 दिन में मिल रही है। इमरजेंसी स्थिति में फिलहाल मरीजों को केवल फिल्म उपलब्ध कराकर काम चलाया जा रहा है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमआरआई और सिटी स्कैन की सुविधा होने के कारण इत्रनगरी के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां पहुंचते हैं। सामान्य मरीजों को जांच के बाद रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों और इमरजेंसी मामलों में रिपोर्ट की जरूरत तत्काल होने के बावजूद उन्हें पूरी रिपोर्ट के लिए निर्धारित तिथि का इंतजार करना पड़ता है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार रेडियोलॉजी विभाग में एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण जांच रिपोर्ट तैयार करने में समय लग रहा है। जांच का दबाव अधिक होने और विशेषज्ञ चिकित्सक की संख्या सीमित होने से रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि सीटी स्कैन और एमआरआई अधिक हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण रिपोर्ट बनाने में समय लगता है।
दो माह में 413 एमआरआई, 525 सीटी स्कैन
आंकड़ों पर नजर डालें तो अगस्त माह में मेडिकल कॉलेज में 208 एमआरआई और 280 सीटी स्कैन किए गए। वहीं सितंबर में 205 एमआरआई और 245 सीटी स्कैन हुए। यानी दो माह में कुल 413 एमआरआई और 525 सीटी स्कैन, यानी 938 जांचें हुईं।
केस एक :
21 दिन बाद मिली रिपोर्टसदर निवासी राजीव कुमार ने बताया कि पिछले महीने सिटी स्कैन कराया था । 21 दिन बाद रिपोर्ट मिली। जांच की सुविधा मेडिकल कॉलेज में मिलना राहत की बात है, लेकिन रिपोर्ट के लिए इंतजार करना पड़ता है।
केस दो :
15 दिन में मिली रिपोर्ट
तिर्वा कस्बा निवासी रीनू ने बताया कि पिछले महीने एक करीबी रिश्तेदार की एमआरआई कराई थी कहा कि 15 दिन में रिपोर्ट मिल गई थी।