कस्बे के निकट तूफान से गिरी नलकूप की कोठरी के मलबे में दबकर वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में ले लिया। थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी सोनेलाल बाथम (65) पुत्र छब्बा सोमवार को दोपहर बाद कस्बा ठठिया के निकट पेशगी पर ली गई भूमि पर फसल देखने गए थे। 3 बजे के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तूफान आ गया।
इससे बचने के लिए कस्बा ठठिया निवासी ईश्वरवादी दुबे के नलकूप की खंडहर पड़ी कच्ची कोठरी की दीवार आड़ में छिपकर बैठ गए। कोठरी के निकट खड़ा एक नीम का पेड़ अचानक फटकर कोठरी की कच्ची दीवार पर गिरा। इससे दीवार धराशायी हो गई। दीवार के नीचे दबकर वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। शाम होने पर परिजनों ने खेत पर पहुंचकर उनकी खोज की लेकिन कोई पता नहीं चल सका। परिजन खोज करते हुए नलकूप की खंडहर कोठरी के निकट पहुंचे।
इस दौरान पाया कि कोठरी की दीवार गिरी पड़ी है। मलबे के अंदर सोनेलाल बाथम का गमछा दिखाई दिया। परिजनों ने मलबा हटाया तो उनका शव पाया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ ही देर सैकड़ों की तादात में लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना मृतक के पुत्र संजू ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजयराज वर्मा मौके पर पहुंच गए।