पकड़े गए बाइक चोर, खुलासा करते एएसपी सुभाष शाक्य।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली पुलिस ने चोरी कर लाई गई तीन बाइकों को बिक्री करने के इरादे से खड़े दो शातिरों कोे गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक शातिर भाग निकला। बरामद बाइकें कन्नौज, तिर्वा और फतेहगढ़ की हैं। शनिवार देर रात सरायममीरा चौकी प्रभारी पप्पू सिंह ठैनुआ व तलैया चौकी प्रभारी अरिमर्दन सिंह अन्य पुलिस जवानों के साथ गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि कुछ बदमाश चोरी की बाइकें बिक्री करने के इरादे से मानपुर रोड पर बारात घर के पास बाग में खड़े हैं।
सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। योजना बनाकर बाग को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान पुलिस ने सिंगपुर्वा थाना सहायल जिला औरेया निवासी मोहित प्रताप पुत्र हाकिम सिंह व मानधवन थाना सहायक जिला औरेया निवासी लालू पुत्र रामजी लाल को गिरफ्तार कर लिया। इनका एक अन्य साथी सिंगपुर्वा थाना सहायल जिला औरेया निवासी विनोद पुत्र लज्जाराम पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस को मौके से तीन बाइकें बरामद हुई हैं।
इन बाइकों पर अलग-अलग कार के नंबर डाल रखे गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि बरामद की गई बाइकें कन्नौज, तिर्वा, फतेहगढ़ से चोरी की गई है। इन बाइकों की चोरी होने की रिपोर्ट संबधित थाना कोतवालियों में दर्ज है। यह गिरोह आस-पास के जनपदों में घात लगाकर बाइकों की चोरी करता, इसके बाद फर्जी नंबर डालकर इन्हें कम दामों पर बेचते हैं। यही नहीं फर्जी कागजात भी बनाकर खरीदार को देते हैं।