दीदारगंज मोहल्ले में दोस्तों संग नलकूप पर मौज मस्ती कर रहे युवक की शनिवार देर शाम विवाद के बाद हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोस्त फरार हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने कोतवाली पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के डीडी चिमनी मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र (40) पुत्र अशर्फीलाल लाल दोस्तों के साथ दीदारगंज स्थित अपने नलकूप पर गया था।
यहां पर दोस्तों के बीच मौज मस्ती के दौरान सभी ने जमकर नशेबाजी की। इसी बीत किसी बात को लेकर दोस्तों का हरिश्चंद्र से विवाद हो गया। इसके बाद हरिश्चंद्र की हत्या कर दी गई। मोहल्ले के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है।
पुलिस को घटनास्थल पर शराब पीने के लिए ग्लास आदि सामान मिला है। इसके साथ हरिश्चंद्र के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इस संबंध सदर कोतवाल सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लिया गया है। हरिश्चंद्र किसके साथ आया था। मौके पर कौन-कौन था पुलिस जांच करेंगी। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।