प्राथमिक विद्यालय विलंदपुर में तैनात शिक्षक की पत्नी ने मकान की तीसरी मंजिल पर साड़ी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जनपद औरैया के थाना अजीतमल अन्तर्गत ग्राम जगनपुर निवासी एसपी नारायन प्राथमिक विद्यालय विलंदपुर में शिक्षक हैं।
उसका तीन वर्ष पहले दिबियापुर थाना अन्तर्गत ग्राम टेरी का नगला निवासी संध्या से विवाह हुआ था। वह पत्नी संध्या के साथ ग्राम नांदेमऊ में राजेश वर्मा के मकान में किराए पर रहता है। उसके डेढ़ वर्ष की बेटी है। बुधवार सुबह वह पढ़ाने अपने स्कूल चला गया। दोपहर को छुट्टी के बाद लौटा तो मकान की तीसरी मंजिल के कमरे में उसकी पत्नी साड़ी के फंदे में फांसी पर झूल रही थी। जानकारी पर भीड़ जुट गई। एसपी नारायण ने बताया उसकी सुबह पत्नी के साथ मामूली बात को लेकर झड़प हुई थी। इसके बाद वह विद्यालय चला गया।
इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगा ली। शिक्षक ने बताया कि उसे शायरी लिखने का शौक है। जब उसकी पत्नी को इसकी जानकारी हुई और उसने शायरी लिखी उसकी डायरी देख ली तो पूछा यह किसके लिए लिखते हो ? उसने बताया किसी और के लिए नहीं वह केवल अपने शौक के लिए लिखता है, लेकिन वह इसी बात को लेकर आए दिन झगड़ती रहती थी। मृतका के भाई नरेंद्र कुमार का आरोप है कि दहेज को लेकर शिक्षक उसकी बहन को आए दिन मारता पीटता था।
उधर, सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनेश कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी शिक्षक पति हिरासत में ले लिया।