थानाक्षेत्र के गांव अमोलर में सोमवार की देर शाम मुख्य बाजार में चाट दुकानदार व उसके परिवार पर हुआ जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार दबंगों को गिरफ्तार किया है। मामले में बरती गई लापरवाही पर अमोलर चौकी का पूरा स्टाफ बदल दिया गया है। वहीं दुकानदार की पत्नी ने आरोप गया है कि पुलिस दबाव में उसे दूसरी तहरीर लिखनी पड़ी है।
अमोलर गांव निवासी उर्मिला पत्नी सुभाष चंद्र ने गांव के सुरेश चंद्र पुत्र गंगाराम, विमल, रिंकू, पिंकू पुत्रगण सुरेश चंद्र के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट में बताया कि देर शाम उसका पुत्र मन्नू चाट की दुकान पर खड़ा था। तभी आरोपी आए और तोड़फोड़ करने लगे। जब विरोध किया तो धारदार हथियारों से मारपीट कर घायल कर दिया। बचाने के दौड़े पति सुभाष चंद्र व उसकी पुत्री रीना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
चौराहे पर मारपीट होती देख जब अन्य दुकानदार दौड़े तो जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग निकले। वहीं अमोलर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने रात में दबिश देकर सुरेश, रिंकू, पिंकू व विमल को गिरफ्तार कर लिया है। उर्मिला का आरोप है कि रात में उसने पुलिस को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते मजबूरी में उसे दोबारा शिकायती पत्र लिखना पड़ा। इसी शिकायती पत्र को आधार बना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना को लेकर राजनैतिक पारा गर्मा गया है। भाजपा नेत्री अर्चना पांडेय ने मेडिकल कालेज पहुंचकर पीड़ित दुकानदार का हालचाल पूछा और न्याय दिलाने का उसे पूरा भरोसा दिया है। थानाध्यक्ष मोहम्मद अनवर अहमद का कहना है कि अमोलर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार को बनाया है। उनके साथ में दरोगा ओमवीर सिंह को लगाया गया है। कांस्टेबिल अवधेश की तैनाती करा दी गई है। पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा।