कांटे चौकी के पास स्थित घटनास्थल पर पड़ी कार।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। गोरखपुर से बस्ती के लिए किराए पर बुक कराई गई कार के चालक को बदमाशों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधाकला के पास गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कार को लेकर बस्ती की तरफ भाग निकले। इधर, सूचना पर कांटे और खजौली चौकी की पुलिस ने घेरेबंदी करके मुंडेरवा क्षेत्र के जमोहरा गांव के पास से दो बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि तीसरा भागने में सफल रहा। घायल चालक को पहले जिला अस्पताल और फिर रेफर किए जाने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
गोरखपुर के पादरी बाजार के रहने वाले अमित कुमार अग्रवाल की कार को हुमायूंपुर निवासी बंटी पुत्र ओम प्रकाश चलाता है। मंगलवार को गोरखपुर स्टेशन रोड से बदमाशों ने ड्राइवर बंटी से कार की बुकिंग बस्ती के लिए 1500 रुपये में की। सुबह साढ़े आठ बजे एक बदमाश ड्राइवर के साथ वाहन में सवार होकर बस्ती के लिए चला। जबकि दो बदमाश बाइक से पीछे-पीछे चल रहे थे। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधाकला गांव के पास ड्राइवर ने पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकी और फोन पर किसी से बातचीत करने लगा।
इसी बीच बदमाशों ने चालक को गोली मार दी। दो बदमाश कार को लेकर बस्ती की तरफ भागे। जबकि एक बाइक से भागा। गोली चालक के पेट को चीरते हुए हाथ में लगी। घटनास्थल पर घायल चालक को तड़पते हुए किसी राहगीर ने देखा और तत्काल अपने वाहन से कांटे पुलिस चौकी पर पहुंचाया। जहां मामले की जानकारी होते हुए दो सिपाही बाइक से बदमाशों को पीछा करना शुरू कर दिए और सेट से सूचना प्रसारित कर दी गई। इधर, घायल चालक बंटी को पुलिस कर्मी जिला अस्पताल ले गए। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बस्ती के मुंडेरवा थाने की चौकी खजौला के पुलिस कर्मियों ने सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही बैरियर लगा कर चेकिंग शुरू कर दी।
पकड़े जाने के भय से बदमाश लूटी कार को छोड़ कर जमोहरा गांव की तरफ भागने लगे। एक तरफ से कांटे चौकी के सिपाहियों ने और दूसरी तरफ से खजौला चौकी के सिपाहियों ने घेरेबंदी की। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग भी जुट गए। पुलिस कर्मियों ने घेर कर दो बदमाशों को तो पकड़ लिया, जबकि बाइक से चल रहा तीसरा बदमाश मुड़कर कांटे की तरफ भाग निकला। पुलिस ने लूटी कार के साथ एक बदमाश के पास से नाइन एमएम की पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया। बाद में सूचना पर एएसपी अशोक वर्मा, सीओ आर के सिंह, कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह और एसओ मुुंडेरवा प्रदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम प्रदीप कुुमार निवासी तारुन, जिला फैजाबाद और सोनू निवासी कप्तानगंज, जिला बस्ती बताया है। बदमाशों ने अपने भागे साथी का नाम अंकित तिवारी निवासी फैजाबाद बताया। एसपी संतकबीरनगर शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि गोरखपुर के रहने वाले कार मालिक अमित अग्रवाल की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। जबकि एसपी बस्ती कृपाशंकर सिंह ने बताया कि खलीलाबाद क्षेत्र में लूटी गई कार के साथ दो बदमाश पकड़े गए। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में दो दिन पूर्व परशुरामपुर क्षेत्र में लूट की वारदात करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा भी कुछ अहम जानकारी मिली है। पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास पुलिस जुटा रही है।