बहादुरपुर में तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ग्राम पंचायत असालताबाद के प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर मतदान केंद्र पर एक बीएसएफ के जवान ने ग्राम प्रधान के छोटे भाई को राइफल की बट से पीट दिया। ग्राम प्रधान सपा नेता विनोद यादव एडवोकेट का छोटा भाई इंजीनियर कामोद यादव वोट डालने गया था। किसी बात पर उसकी बीएसएफ जवान रविंद्रमदास से कहासुनी हो गई। इस पर गुस्साए बीएसएफ जवान ने राइफल की बट से पीट दिया। खून से लथपथ कामोद वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा।
जानकारी होते ही प्रधान विनोद यादव उसे अपनी गाड़ी से सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे। हेड इंजरी के कारण हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल कन्नौज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन कानपुर ले गए। इस मामले की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी जगदीश, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी, सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी गांव पहुंचे और जानकारी की। इसके बाद उन्होंने बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट को जवान पर कार्रवाई के लिए संस्तुति की। जवान रविंद्रमदास को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।