घटनास्थल पर ग्रामीणों से जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाने के सेमलपुर गांव से लापता हुए बालक का शव सोमवार सुबह पड़ोस के गांव के तालाब में उतराता मिला। उसकी एक आंख फोड़ दी गई थी। शरीर पर घाव भी थे। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। रिपोर्ट अभी अज्ञात लोगों के खिलाफ ही दर्ज की गई है। बालक का पिता गैंगरेप के बाद बालिका की हत्या के मामले में गवाह है। इसके आरोपी जेल में है। बालक की हत्या में कहीं इनका हाथ तो नहीं, पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
ग्राम सेमलपुर निवासी हरिश्चंद्र लोधी का बेटा योगेंद्र उर्फ बंटी (7) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ता था। वह रविवार शाम लापता हो गया। खोजबीन के बाद रात करीब 11 बजे हरिश्चंद्र ने गुमशुदगी दर्ज कराई। सोमवार सुबह पड़ोस के गांव रामपुर हृदय के पाकरखेड़ा स्थित तालाब में बंटी का शव उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन एवं पुलिस वाले मौके पर पहुंचे। शव बाहर निकाला गया। सिर व शरीर पर गहरे घाव थे। एक आंख भी फोड़ दी गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या के बाद चाकू से गोदे जाने की बात सामने आई है। मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। दोपहर बाद एसपी हरीश चंदर ने भी मौका मुआयना किया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। मृतक का पिता गांव में हुए गैंगरेप के मामले में लड़की पक्ष से गवाह है। जांच में इस बिंदु को भी जोड़ा गया है।