भुलभुलियापुर गांव में बीती रात एक विवाहिता संदिग्धावस्था में फांसी पर झूलती मिली। जब तक मायके पक्ष के लोग आते तब तक ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। मृतका के पिता ने पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव भुलभुलियापुर निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र रामेश्वर की शादी मार्च 2013 में सौरिख क्षेत्र के किशई जगदीशपुर गांव निवासी सतीश कुमार की बेटी पूनम(24) के साथ हुई थी। बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सुबह पूनम का शव कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया। मोहल्ले वालों ने मृतका के मायकेवालों को सूचना दी। उनके पहुंचे ही गांव में कोहराम मच गया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। विवाहिता के पिता सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि देवेन्द्र , रीता, राजू, बेबी और कांती ने दहेज में बाइक और नगदी न दे पाने के कारण उसकी पुत्री की फांसी लगाकर हत्या कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया। वहीं बवाल देख ससुरालीजन गांव से फरार हो गए।