अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर फौजी के खाते से 52 हजार पार कर दिए। जानकारी होने पर पत्नी ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस ने उसकी तलाश में सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सुभाष नगर निवासी गिरीश चंद्र सेना में है और इस समय जम्मू कश्मीर में तैनात हैं। उसका खाता एसबीआई बैंक में है। मंगलवार को पत्नी प्रीती देवी पुत्र सौरभ के साथ कस्बा के जीटी रोड पर लगे बैंक आफ इंडिया के एटीएम से रुपये निकालने आई थी।
प्रीती देवी ने बताया कि उसने तीन हजार रुपये एटीएम से निकाले । मशीन से रुपया निकालते समय उसका ध्यान रुपयों की ओर था, तभी एटीएम रूम में घुसे एक अज्ञात युवक ने उसका कोड देख लिया और मेरे पुत्र से एटीएम कार्ड मांग लिया और पुत्र को एसबीआई का दूसरा कार्ड पकड़ा दिया। दोनों कार्ड एक जैसे होने पर उसने कोई ध्यान नहीं दिया और रुपये लेकर घर चली गई। उसके जाते ही अज्ञात युवक ने बैलेंस चेक कर एटीएम से 52 हजार रुपये निकाल लिए।
जिसका मैसेज पति के मोबाइल पर जम्मू गया तो उन्होंने रुपया निकाले जाने की बात पूछी। वह बैंक पहुंची तो खाते से रुपये निकाले जाने की बात सही होने पर उसने अज्ञात के खिलाफ कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया है।