थाना तालग्राम क्षेत्र के इंदरगढ़-छिबरामऊ मार्ग पर केपी एजूकेशन सेंटर के बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार 14 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। इन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तालग्राम कस्बे के टीला मोहल्ला स्थित केपी एजूकेशन सेंटर का टेंपो चालक अकरमाबाद गांव निवासी फैय्याज बनियानी, मायापुरवा, अंधौआ गांव के बच्चों को स्कूल लाता है। गुरुवार सुबह सात बजे वह टेंपो में बच्चों को बैठाकर स्कूल ला रहा था।
तालग्राम में ईदगाह के पास रफ्तार अधिक होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा। इससे टेंपो पलट गया। दुर्घटना से टेंपो में सवार तालग्राम थाने के गांव मायापुरवा निवासी शिवांगी पुत्री वृजेश कुमार, काव्या पुत्र सर्वेश, शिवांशी पुत्री अवधेश, नेहा पुत्री चंचाली सिंह, प्रांशू, दीपेश पुत्रगण फतेह सिंह, बनियानी गांव निवासी हेमलता, कुसुमलता पुत्रीगण अशोक कुमार, विकास पुत्र अशोक कुमार, कौशल पुत्र वेद प्रकाश, छलक पुत्री राकेश, अंधौआ गांव निवासी सुमित, पीयूष पुत्रगण बबलू, लक्ष्मी पुत्री राजू घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भागकर मौके पर पहुंचे।
ये सभी एलकेजी से लेकर कक्षा आठ तक के स्टूडेंट्स हैं। सूचना पाकर चौकी प्रभारी संजीव कुमार चौहान भी मौके पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। स्कूल के परिजन व शिक्षक भी मौके पर आ गए और घायल बच्चों को निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहीं दुर्घटना के बाद चालक घटनास्थल से फरार हो गया।