बदमाशों द्वारा तोड़े गए दान पात्र।
- फोटो : amarujala
सिकंदरपुर। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के नौली रोड पर साईं धाम मंदिर में नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर पुजारी को पहले जमकर पीटा और फिर गोलीमार दी। बदमाश मंदिर से करीब सवा लाख की नगदी समेत अन्य सामान लूट ले गए। गंभीर हालत में पुजारी को मेडिकल कालेज से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस को मंदिर परिसर से खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर निवासी सुरेश कुमार दुबे उर्फ हनुमान (63) पुत्र सोनेलाल दुबे नौली रोड स्थित निर्माणाधीन साईं धाम आश्रम में पुजारी हैं। आश्रम में रहकर मंदिर की देखभाल करते हैं। उनके साथ स्वामी नारायणानंद जी सरस्वती (80) भी रहते हैं। इस समय आश्रम पर निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने आश्रम पर धावा बोल दिया। बदमाशों के कुंडी खटखटाने पर पुजारी ने कमरे का दरवाजा जैसे ही खोला बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और तमंचा दिखाकर उनसे सेफ और दानपात्र की चाबी मांगी। मना करने पर बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। एक बदमाश स्वामी नारायणानंद जी सरस्वती को तमंचे दिखाकर कब्जे में किये रहा। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके गोली मार दी, जो उनके बायें कंधे के नीचे हाथ में जा धंसी। बदमाशों की पिटाई से उनका एक हाथ और सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। बदमाशों ने करीब सवा लाख रुपये की नगदी के अलावा दानपात्र से नगदी व अन्य कीमती सामान लूट लिया। एक साइकिल भी अपने साथ ले गए। बदमाशों के जाने के बाद पुजारी किसी तरह पास स्थित ईंट भट्टे पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुजारी को रात में ही जिला अस्पताल कन्नौज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुजारी की हालत ठीक है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।