नादेमऊ बाजार से लौट रहे स्कूल बस ड्राइवर का ओमनी कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। ग्रामीणों के पीछा करने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
सौरिख थानाक्षेत्र के गांव खरकपुर निवासी नन्हे (25) पुत्र बलबीर एक स्कूल की बस का ड्राइवर है। गुरुवार की शाम नादेमऊ बाजार कर बाइक से लौट रहा था। जैसे ही वह खरकपुर-नादेमऊ के बीच स्थित एक बाग के निकट पहुंचा तभी सामने से आ रही ओमनी कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद कार में सवार बदमाशों ने उसे कार में डाल लिया। नन्हे के शोर मचाने पर गांव पुरवा दानी, जसपुरा, खरकपुर, दानपुर समेत कई अन्य गांव के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों के पीछे हटने पर बदमाश भाग गए।
उधर, ग्रामीणों ने खेत में बदमाश व पकड़ होने की आशंका से एक खेत को घेर लिया। ग्रामीणों ने खेत के बाहर हवा में फायरिंग की। उधर गांव में बदमाशों की सूचना मिलते ही नादेमऊ चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई स्थानों पर छापा मारा। लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।
इस संबंध में सौरिख थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना मिली है। वह घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। क्षेत्र की नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी गई है। उच्चाधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है।