सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मेहता गांव में लूट के बाद घर के पिछवाड़े स्थित खेत में फेका गया बक्सा।
जिला मुख्यालय के मोहल्ला शिवाजी नगर और गांव रंगियनपुर्वा में दो घरों में पड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बदमाशों की संख्या को लेकर दोनों घरों के परिजनों की रिपोर्ट में अंतर सामने आया है। बीते बुधवार की रात सदर कोतवाली के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी विपिन पाल पुत्र रामनरेश पाल व रंगियन पुर्वा गांव निवासी अमर सिंह पुत्र देवीदयाल की तहरीर पर पुलिस ने देर रात रिपोर्ट दर्ज की है। एक ओर जहां विपिन पाल ने 7-8 बदमाश घर में घुसकर लूटपाट करने की बात कही है।
वहीं अमर सिंह ने रिपोर्ट में 12-13 बदमाश होने की बात दर्शायी है। दोनों डकैतियों में शामिल बदमाशों की संख्या में करीब दोगुना अंतर सामने आने से पुलिस भी परेशान है। कुछ लोगों का मानना है कि अचानक आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ डंडो व सरियों से प्रहार किए, इस कारण कोई भी सही तरीके से बदमाशों की संख्या का अंदाजा नहीं लगा पाया। वहीं कुछ का कहना है कि रात के समय कम संख्या भी अधिक दिखाई पड़ती है।
शिवाजी नगर निवासी घायल रोली व साजल की मानें तो बदमाशों की संख्या 7-10 रही होगी, क्याेंकि सभी कमरों में दो-दो बदमाश परिजनों से मारपीट कर रहे थे। वहीं कुछ बदमाश बक्से आदि पलट कर लूटपाट कर रहे थे। कुछ बदमाश निगरानी के लिए दरवाजे के बाहर खड़े थे।
इस कारण बदमाशों की संख्या का सही अनुमान लगाना मुश्किल है। कोतवाली पुलिस की मानें तो बदमाश की संख्या दस से भी कम होगी। उधर, कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में जहां रंगियनपुर्वा गांव निवासी अमर सिंह पुत्र देवीदयाल ने बदमाशों द्वारा 40 हजार रुपये के अलावा एक हाफ पेटी, सोने का मंगलसूत्र, पायल, झुमकी, एक अंगूठी ले गए। वहीं शिवाजी नगर निवासी विपिन पाल पुत्र रामनरेश पाल ने बताया कि बदमाश दो लाख रुपये के अलावा साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए।