पुलिस चौकी के पास चोरों ने बुधवार की रात पांच दुकानों में सेंध लगा दी। एक दुकान से करीब दो लाख के कैमरे चोरी कर लिए। सुबह होने पर लोगों को जानकारी हुई। सीओ सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी ने जांच पड़ताल की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मानीमऊ पुलिस चौकी के 10 मीटर दूरी पर कई दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों में अलग-अलग तरह के सामान की बिक्री होती है। बुधवार की रात चोरों ने पांच दुकानों में पीछे से सेंध लगा दी। चार दुकान स्वामियों की दुकानों से कोई माल चोरी नहीं हो सका, जबकि खुर्रमपुर गांव निवासी नारायण सिंह की फोटो स्टूडियो की दुकान से पांच कैमरे और 11 हजार रुपये चोरी कर लिए।
मकदूमापुर गांव निवासी पिंटू की आटो सेंटर, लीलापुरवा गांव निवासी सुभाष की शिवम टेलीकाम सेंटर, उदैतापुर गांव निवासी रामप्रकाश की प्रकाश टेलर्स और रामपुर मुढैरी काजिम हुसैन निवासी सुंदर की स्पेयर पार्ट की दुकान से कुछ भी चोरी नहीं हुआ। सीओ सदर सुरेंद्र पाल सिंह, कोतवाली प्रभारी आलोक सिंह यादव, मानीमऊ चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार और फॉरेसिंक टीम प्रभारी मुमताज अली ने छानबीन की। मामले में पीड़ित दुकानदार ने तहरीर दी है।