वकीलों से सुलह की बात करते एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कचहरी में सिपाही के पीटने के बाद वकीलों पर हुई कार्रवाई से नाराज अधिवक्ताओं ने बुधवार को हड़ताल कर दी। सीओ सदर, एएसपी सहित कई पुलिस अफसरों को कचहरी में घुसने तक नहीं दिया। इस दौरान पुलिस और वकीलों में तीखी झड़प भी हुई। वहीं मामले पर बार एसोसिएशन ने गुरुवार को भी हड़ताल रखने की घोषणा की। बुधवार को न्यायालय तो खुला लेकिन कामकाज पूरी तरह से ठप रहा।
मंगलवार को गैंगस्टर के आरोपी को पेशी पर ले जाते समय वकीलों ने सिपाही को पीट दिया था। मामले में गुरसहायगंज कोतवाली में तैनात सिपाही बब्लू गिहार की ओर से दी तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक नामजद व पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने देर रात आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश भी दी। इससे नाराज वकीलों ने बुधवार सुबह से ही कचहरी में हंगामा शुरू कर दिया।
कोर्ट पहुंचे सीओ अंबरीष सिंह भदौरिया व एएसपी से अधिवक्ताओं की तीखी झड़प भी हुई। वकील कोर्ट के गेट बंद कर वहीं गेट पर अड़े रहे। साथी अधिवक्ताओं को अंदर जाने नहीं दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों से मंगलवार की तरह बुधवार को भी प्रशासन की ओर से सुलह की कोशिशें की गई लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। फरियादी दिन भर सड़क किनारे लगे पेड़ों की छाया में इस उम्मीद में दिन गुजारते रहे कि हड़ताल खत्म हो और उनके मामले की सुनवाई हो।