सतवारी गांव के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार से आ रही स्कूली वैन से बचने के प्रयास में स्कूली बच्चों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टेंपों के नीचे दबकर छात्र सनी की मौत हो गई। जबकि उसकी बहन समेत पांच बच्चे जख्मी हो गए। दुर्घटना से आक्रोशित परिजनों ने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। जाम की सूचना पाकर पहुंचे कोतवाल व पुलिस कर्मियों से परिजनों की काफी नोकझोंक हुई। एसडीएम के समझाने पर ढाई घंटे बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ। कोतवाली पुलिस ने मृत छात्र के पिता धर्मेंद्र चौहान की तहरीर पर लापरवाही से वैन चलाने व टक्कर मारने पर चालक सोनू ठाकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सोमवार की सुबह एक टेेंपो सैदहा गांव से जसोदा कस्बा स्थित वीपीएस एजूकेशन एकेडमी में स्कूली बच्चों को पहुंचाने जा रहा था। टेंपों में सैदहा गांव निवासी धर्मेंद्र चौहान का बेटा सनी (11) और बेटी काजल (8) के अलावा पड़ोसी पड़ोसी मनोज पाल का बेटा आशू (6) और महमूदपुर निवासी शिवलेख पाल की बेटी प्रिया (13), प्राची (8) व बेटा मयंक (6) सवार थे। टेंपो यहां के बाद गांव सतवारी में अन्य बच्चों को लिवाने जा रहा था। गांव सतवारी के सामने पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार से आ रही स्कूली वैन से बचने में टेंपो चालक ने नियंत्रण खो दिया और बेकाबू टेंपो सड़क पर पलट गया। इस हादसे में टेंपो के नीचे दबकर सनी (11) की मौत हो गई। उसकी बहन काजल समेत अन्य पांच बच्चे चुटहिल हो गए। दुघर्टना के बाद सैदहा गांव निवासी टेंपो चालक और स्कूली वैन का चालक सोनू ठाकुर भाग गए। उधर, मृत छात्र सनी के परिजनों व ग्रामीणों ने शव जीटी रोड पर रखकर वैन चालक और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सदर एसडीएम शैलेश कुमार और सीओ श्रीकांत प्रजापति ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों व ग्रामीणों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।