गली में सबमर्सिबल के बोरिंग को
लेकर दो पक्षों में पथराव, फायरिंग
- अफरातफरी मची, पुलिस बल तैनात, चार लोग गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुलंदशहर रोड पर पुरानी चुंगी के पास कोटला मेवातियान में सोमवार सुबह करीब 10 बजे गली में सबमर्सिबल के लिए बोरिंग करने को लेकर दो पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग भी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार कोटला मेवातियान में प्रवेश करते ही कुछ दूरी पर बाबुद्दीन की कोठी है, जिसके सामने उनके भाई हाजी राशिद का मकान है। राशिद के मकान के बराबर में गली है जिसके नुक्कड़ पर कालू का मकान है। बताया गया कि बाबूद्दीन पक्ष उक्त गली के प्रवेश स्थल पर गली के बीच में सबमर्सिबल के लिए बोरिंग करना चाहता था। इसके लिए मशीन और पाइप आदि लाकर सोमवार सुबह काम शुरू कर दिया गया।
आरोप है कि उक्त जानकारी मिलते ही कल्लू पक्ष के लोगों ने जबरन काम रुकवा दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। परिणामस्वरूप मारपीट के बाद जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह, इंस्पेक्टर एलआईयू बीएम पाल भारी संख्या में पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए। इससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से एक पक्ष के अब्दुल्ला, तारिक और दूसरे पक्ष के हाजी राशिद और फैजान को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया और एक मकान की तलाशी कराई गई। घटना के कारण आसपास की दुकानें भी बंद हो गईं।
अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह ने बताया कि इन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हालत में माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।