जीटी रोड पर स्थित मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने नकदी और मोबाइल पार कर दिए। सोमवार सुबह दुकान का टूटा शटर देखकर चोरी की जानकारी हुई। कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मड़हरपुर निवासी आजम खान की सरायमीरा में जिला पंचायत कार्यालय के सामने जीटी रोड पर दूसरी मंजिल की मार्केट में मोनू टेलीकाम के नाम से मोबाइल की दुकान है। प्रतिदिन की तरह वह रविवार की शाम दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोर दुकान का शटर तोड़कर 55 हजार रुपये और करीब 10 लाख के 80 मोबाइल व अन्य उपकरण चोरी कर ले गए।
सुबह टेलीकाम दुकान का टूटा शटर देखकर स्थानीय लोगों ने आजम खान को चोर की सूचना दी। उसने यूपी 100 डायल कर पुलिस को दुकान में हुई चोरी की जानकारी दी। इससे मौके पर पहुंचे सरायमीरा चौकी प्रभारी अरिमर्दन सिंह समेत फोरेंसिक टीम ने मुआयना किया। सदर कोतवाल आमोद कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। पीड़ित दुकानदार ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।