जसोदा। रात के अंधेरे में बेखौफ दबंगों ने ढाबे में मारपीट कर लूटपाट की। फर्नीचर और फ्रिज क्षतिग्रस्त कर खाने का सामान फेंक दिया। पीड़ित ढाबा संचालक ने बताया कि घटना के दौरान उसने फोन कर यूपी 100 पुलिस को बुला लिया लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस सिर्फ तमाशा देखती रही। आरोपी मारपीट और लूटपाट कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भुलभूलियापुर निवासी राजीव यादव का जीटी रोड पर हर्रा चौकी के पास ढाबा है। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे गांव के चार लोगों ने लाठी-डंडों के साथ ढाबे पर धावा बोल दिया। उससे मारपीट कर सोने की चेन छीन ली। फ्रिज और फर्नीचर, बर्तन भी क्षतिग्रस्त कर दिए। खाने का सामान भी फेंक दिया। उसने यूपी 100 को फोन किया तो कुछ ही देर में मौके पर यूपी 100 पुलिस पहुंच गई, लेकिन पुलिस टीम मूकदर्शक बनी रही, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सुबह पीड़ित राजीव यादव ने सदर कोतवाली पुलिस को चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। जलालपुर पनवारा चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की रात वह छुट्टी पर थे। ढाबे की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ। लूटपाट की बात झूठी है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।