डायल 100 के सिपाहियों से पूछताछ करते एसपी दिनेश कुमार पी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली में पुलिस अधीक्षक, विधायक समेत भाजपा नेताओं से वार्ता कर रहे थे। इस बीच कुछ अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई और फिर पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। एसपी ने कोतवाल को सस्पेंड कर आरोपी भाजपा नेताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई।
कोतवाली में तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत समेत तमाम भाजपा नेता कोतवाली पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी, एएसपी वंशराज सिंह यादव समेत पूरे जनपद का पुलिस फोर्स भी कोतवाली पहुंच गया। भाजपा नेता और पुलिस अधीक्षक के बीच काफी लंबी वार्ता के बाद भी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। एसपी ने पुलिस फोर्स को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और पूरी तैयारी के साथ भीड़ से मुकाबले के लिए मुस्तैद कर दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा लिखने की बात कही। इस पर एसपी उखड़ गए और एफआईआर लिखने से मना कर दिया। उन्होंने कोतवाल राजबहादुर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी से आरोपी भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस से मुठभेड़ करने की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। देर रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पथराव में भाजपा कार्यकर्ता घायल
छिबरामऊ। अराजकतत्वों ने पत्थर उछालकर फेंक दिया, जो कोतवाली गेट पर खड़े भाजपा नेता ब्रजपाल सिंह शाक्य के हाथ में लगा, जिससे वह चुटहिल हो गए। पथराव होते देख पुलिस ने भीड़ के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। अराजकता बढ़ते देख एसपी ने जनपद की पूरी पुलिस फोर्स को बुलाकर उपद्रवियों से निपटने के कड़े निर्देश दिए।