रोडवेज बस पर दिल्ली से कानपुर आ रहे युवक को जहरखुरानों ने नशीला बिस्कुट खिलाकर 20 हजार रुपये, मोबाइल व बैग लूट लिया। सिकंदरपुर में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े युवक को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कस्बा सिकंदरपुर में शनिवार सुबह रोडवेज बस का परिचालक जीटी रोड हाईवे किनारे बेहोशी की हालत में एक युवक को उतार कर चले गए। बेहोशी की हालत में युवक को पड़ा देख वहां भीड़ जुट गई। इस बीच किसी ने इसकी सूचना एंबुलेंस को दे दी।
युवक को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोपहर बाद प्राथमिक उपचार के बाद युवक के होश में आने पर उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। किसी तरह समझा-बुझाकर युवक को शांत किया गया। पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान कल्याणपुर के आवास-विकास कालोनी निवासी आशू पुत्र जगदीश वर्मा बताया। युवक ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है।
वह अपनी बीमार मां आशा को देखने के लिए घर जा रहा था। उसकी सीट पर बैठे एक अनजान युवक ने उसे बिस्कुट खाने को दिया था। इसके बाद उसे कुछ होश ही नहीं रहा। उसने बताया कि वह युवक उसकी जेब में रखी 20 हजार रुपये, मोबाइल व बैग भी ले गए।