एटीएम से रुपये निकालने अपने पुत्र के साथ आई महिला से टप्पेबाजों ने 10 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। साथ ही सीसीटीवी के फुटेज भी देखे। गांव अमलियापुरवा कोतवाली कन्नौज निवासी माधुरी पत्नी संतोष कुमार अपने 14 वर्षीय पुत्र को लेकर सरायमीरा जीटी रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने आई थी। एटीएम केबिन में दोनों घुसे इसी बीच एक अन्य युवक भी पीछे से एटीएम केबिन में घुस गया।
महिला के पुत्र ने जेब से एटीएम कार्ड निकाला। साथ ही में एक पर्ची में लिखे कोड को देखा। इसके बाद एटीएम कार्ड को मशीन में लगाकर 3500 रुपये निकाले। पीछे खड़े युवक ने महिला के पुत्र से कहा कि अभी मशीन बंद नहीं हुई है। दोबारा कार्ड लगाकर मशीन बंद करें। बच्चे ने दोबारा कार्ड लगाया।
इसके बाद वे दोनों वहां से चले गए। इसके बाद टप्पेबाज ने एटीएम से दस हजार रुपये निकाल लिए। महिला ने पति ने मोबाइल पर आए मैसेज के आधार पर उसे दस हजार रुपये अतिरिक्त निकालने का कारण पूछा तब उसे ठगी का पता चला। इसके बाद युवक की तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में महिला अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की साथ सीसीटीवी के फुटेज भी देखे हैं।