क्षेत्र के ग्राम अतिराजपुर के पूर्व प्रधान को फोन पर किसी ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये नहीं देने पर जान से मारने और पुत्र के अपहरण की धमकी दी है। पूर्व प्रधान ने कोतवाली में तहरीर दी है। ग्राम अतिराजपुर के पूर्व प्रधान राजीव त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में उसकी मां सरोज त्रिपाठी प्रधान हैं।
गुरुवार सुबह 10:55 बजे उसके मोबाइल पर किसी ने फोन कर उसके पुत्र के अपहरण की धमकी दी। साथ ही कहा कि पांच लाख रुपये दो नहीं तो गोली मार दूंगा। फोन करने वाले ने उन्हें गालियां भी दीं। यह सिलसिला उसके मोबाइल पर कई बार हुआ।
धमकियों से परेशान होकर पूर्व प्रधान ने पूरे मामले से कोतवाली पुलिस को अवगत कराते हुए मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। इसमें उसने उन नंबरों का भी जिक्र किया जिससे उसके मोबाइल पर धमकी दी गई। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।