वाटर टैंक का गड्ढा, इसी में हुआ हादसा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिधईपुर्वा गांव में बन रहे राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में बुधवार को पानी के टैंक के गड्ढे की लेवलिंग करते समय मिट्टी का टीला ढह जाने से एक मजदूर की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। दो मजदूर घायल हो गए। एक मजदूर को मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया है, जबकि दूसरे मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे ने नाराज मजदूरों को देखकर कार्यदाई संस्था के अधिकारी खिसक लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
तिर्वा-बेला मार्ग पर 29 एकड़ क्षेत्रफल में करीब100 करोड़ की लागत से राजकीय इंजीनियरिंग कालेज का निर्माण पिछले दो वर्षों से चल रहा है। कार्यदाई संस्था राजकीय निर्माण निगम इस कालेज का निर्माण करा रही है। भवन बनकर लगभग तैयार हो चुके हैं। कैंपस में करीब 20 मीटर लंबा, 5 मीटर चौड़ा व 5 मीटर गहरा वाटर टैंक बनाया जा रहा है।
बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब टैंक के इस गड्ढे की लेवलिंग करने के लिए बिहार के जनपद पुराणियां के लालगंज निवासी राजेश शर्मा (35) पुत्र आनंद शर्मा और उनका साथी बिहार प्रांत के जनपद मधेपुर के तुलसीपुर गांव निवासी सिंटू कुमार शर्मा (30) पुत्र सज्जन शर्मा व इसी गांव के निवासी आनंदी शर्मा (40) पुत्र इतवारी शर्मा गड्ढे में उतरे। लेवलिंग का काम शुरू किया। दोपहर एक बजे के करीब अचानक टीला ढहने से टनों मिट्टी इन मजदूरों पर जा गिरी। इससे तीनों दब गए।
आनन-फानन में राहत कार्य शुरू हुआ। सिंटू शर्मा व आनंदी शर्मा को ढेर से किसी तरह निकाला जा सका, लेकिन जब तक राजेश शर्मा को निकाला जाता उन्होंने दम तोड़ दिया था। राजेश की मौत होने पर मजदूरों में नाराजगी फैल गई। उत्तेजना को देख निर्माण निगम के अधिकारी मौके से खिसक लिए। सूचना पाकर कोतवाली के एसएसआई राघवन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उत्तेजित मजदूरों को शांत कराकर शव मेडिकल कालेज ले आए। और राजेश के परिजनों को सूचना दी। इधर, घायल मजदूरों को भी भर्ती करा दिया।