जीटी रोड हाईवे पर पुराने मवेशी बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की भिड़ंत हो गई। हादसे में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवा कर घायलों को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेजा। शुक्रवार दोपहर जीटी रोड हाईवे पर पुराने मवेशी बाजार के पास स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के सामने तेज रफ्तार डीसीएम और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में मटेहना बेवर (मैनपुरी) निवासी डीसीएम चालक मोहन पुत्र रामसरन और परिचालक बृजेश पुत्र जगमोहन सहित उस पर बैठी सोनी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इधर, घटना से हाईवे पर जाम लग गया। कुछ ही देर में हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मशक्कत कर किसी तरह जाम खुलवाया। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर घायलों को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेजा।