कस्बे के मेन बाजार में दोस्त के घर टीवी देख रहे छात्र की इनवर्टर से आए करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा होते ही कोहराम मच गया। छात्र बैंकिंग की तैयारी कर रहा था। ग्राम नगला हंसे निवासी शिवकुमार शाक्य अपने परिवार के साथ कस्बे के मेन बाजार में रह रहे हैं।
सोमवार की देर रात उनका बेटा अनुज उर्फ दीपक (22) पड़ोस में मित्र रूपेंद्र के घर टीवी देख रहा था। रात करीब दस बजे अचानक लाइट चली गई। अनुज ने पास में ही रखे इनवर्टर को ऑन करने के लिए अंधेरे में प्लग को टटोलना शुरू कर दिया। इस कारण वह इनवर्टर से आए करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर कमरे में बैठे अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए कस्बे के निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अनुज उर्फ दीपक बीएससी करने के बाद कानपुर में बैंकिंग की तैयारी के लिए कोचिंग कर रहा था। हादसा होते ही उसके घर कोहराम मच गया। क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व राज्यमंत्री दिनेश शाक्य, रूपपुर के प्रधान सर्वेश शाक्य, ग्यासपुर के पूर्व प्रधान लाला सिंह बैस, विजयनरायन समेत काफी संख्या में लोगों ने उसके घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंगलवार को उसके शव को पैतृक गांव नगला हंसे में दफना दिया गया।