उम्रकैद की सजा काट रहे पिता को तीन दिन की पैरोल दिलाने के लिए बेटे ने अपनी शादी के फर्जी दस्तावेज बनवाकर प्रोबेशन कार्यालय में आवेदन किया है। जांच में फर्जीवाडे़ का खुलासा होने पर प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के कनिष्ठ लिपिक ने इस मामले में दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के कनिष्ठ सहायक मो.नईम ने सौरिख थाना क्षेत्र के सकरावां निवासी नूर मियां पुत्र इदरीश, शाहिबे आलम पुत्र कुद्दूस अली के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि नूर मियां के पिता केंद्रीय कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। नूर मियां ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसका विवाह 1 मई 2016 को है। पिता को तीन दिन तक पैरोल दिया जाए। उसने शादी का कार्ड भी आवेदन में लगाया।
इसके अलावा ग्राम प्रधान सकरावां गिरजा देवी द्वारा प्रमाणित पत्र भी लगाया। जिलाधिकारी ने इस प्रार्थना पत्र को राजस्व विभाग के अधिकारियों से सत्यापित कराया तो फर्जीवाड़ा सामने आया। राजस्व विभाग ने बताया कि नूर मियां की शादी नहीं हो रही हैं, बल्कि इदरीश के भतीजे आदिल की शादी इसी तारीख पर है। इस संबंध में ग्राम प्रधान से फोन पर जानकारी ली गई तो उन्होंने किसी की शादी से संबंधित प्रार्थना पत्र सत्यापित करने से इंकार किया।
पाया गया कि दोनों आरोपियों ने उम्रकैद की सजा काट रहे इदरीश को तीन दिन का पैरोल दिलाने के लिए सभी फर्जी अभिलेख तैयार किए गए है। बाद में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।