आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर ग्राम बहादुरपुर मझिगवां के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
लखनऊ कैंट निवासी फरहान (17) पुत्र कमरुल हसन परिवार के ही सलमा (33) पत्नी सबिलउल हसन, कसीम कौशल (36) पत्नी मोहम्मद अल्ताफ, सानिया (13) पुत्री सबिलउल हसन, सलिया (3) पुत्री अल्ताफ के साथ फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रविवार की सुबह वह लोग कार से लखनऊ लौट रहे थे। करीब साढ़े सात बजे जब वह लोग थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर मझिगवां के पास पहुंचे। तभी अचानक उनकी तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार सवार उसी में फंस गए।
चीखपुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग किसी तरह मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंचे। उसने कार में फंसे सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकलवाया और फिर अपनी ही गाड़ी से उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कार चालक राजू (28) पुत्र निजामुद्दीन और सलिया प्राथमिक उपचार के बाद मेडीकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पीआरवी 1647 पर तैनात एचसीपी राकेश कुमार वर्मा, कांस्टेबल अतुल कुमार व चालक सुभाष यादव के सक्रिय प्रयासों से घायलों को तत्काल उपचार संभव हो सका।