भैंस खरीदने तिर्वा जा रहे दो ग्रामीणों को बोलेरो सवार बदमाशों ने लूटकर सड़क किनारे फेंककर भाग गए। सूचना तिर्वा कोतवाली पुलिस को दी गई है। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव नजरापुर निवासी नंद किशोर सविता गांव के ही ज्ञानचंद्र कश्यप के साथ तिर्वा बाजार में भैंस खरीदने के जा रहे थे।
तिर्वा-कन्नौज मार्ग स्थित सीताराम कोल्ड स्टोरेज के निकट खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक बोलेरो कार आकर रुकी, चालक ने तिर्वा चलने की बात कहकर दोनों लोगों को बैठा लिया। जबकि एक अन्य छविनाथ से गाड़ी के पीछे की खिड़की खोलकर बैठने के लिए कहा। जैसे ही वह गाड़ी के पीछे पहुंचा, तभी चालक ने तिर्वा की ओर बोलेरो भगा दी। बोलेरो में लगा म्यूजिक सिस्टम तेज आवाज में खोल दिया।
करीब आधा किलोमीटर आगे आशीर्वाद कोल्ड स्टोरेज के सामने कट पर गाड़ी को कन्नौज की ओर मोड़ दिया। जब दोनों लोगों ने किया तो गाड़ी में सवार लोगों ने दोनों सवारियों को सीट के नीचे दबा लिया और पीटकर नंद किशोर के पास से 40 हजार रुपये और ज्ञानचंद्र के पास से 200 रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश उन्हें कन्नौज कोतवाली क्षेत्र के बाईपास स्थित मानपुर चौराहे पर फेंक कर भाग गए। किसी तरह गांव पहुंचे दोनों पीड़ितों ने लोगों को घटना बताई। इसके बाद पीड़ित तिर्वा कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने घटना के संबंध में अज्ञात बोलेरो सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।