कन्नौज। ठठिया-तिर्वा मार्ग पर ठठिया थाना क्षेत्र के कनकुड़िया पुलिया के आगे हनुमान मंदिर के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार को एक साइकिल सवार युवती से नोटों का बैग छीनकर भाग गए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
ठठिया थाना क्षेत्र के जैतापुर गांव निवासी रामनरेश राजपूत की पुत्री पूनम ने तिर्वा की एक बैंक की शाखा से 20 हजार रुपये अपने खाते से निकाले। अपनी सहेली के साथ साइकिल से घर जा रही थी। कनकुड़िया पुलिया पार कर हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पूनम की साइकिल रोक ली और नोटों को बैग छीनकर भाग गए। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
पीड़ित ने परिजनों के साथ तिर्वा कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी आरपी पांडेय मामला ठठिया थाना क्षेत्र का होने के कारण उसे वापस कर दिया। पीड़िता ठठिया थाने पहुंची। जहां उसने घटना के संबंध में तहरीर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।