कोतवाली में नकली घी का सैंपल भरते खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
खाद्य सुरक्षा टीम ने सोमवार को बाजार में बिक्री के लिए ले जाए जा रहे नकली घी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक उपनिरीक्षक भी शातिरों को पकड़ने के प्रयास में गिरकर घायल हो गया है। एसआई को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सदर कोतवाली में युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वही घी को जांच के लिए भेजा है। जिले के कई स्थानों पर मिलावटी, खुले खाद्य पदार्थो की बिक्री की जा रही है।
जिसके क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष सोनकर, डा. अनुज कुमार, इंद्रजीत सिंह, एसआई राजेश कुमार, प्रेम किशोर, कांस्टेबल राजकुमार के साथ संयुक्त टीम बनाकर छापामार अभियान चलाया। इस दौरान बक्शपुरवा के पास बाइक से आते दो युवकों को हाथ देकर रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक बाइक छोड़कर कन्नौज की ओर भागने लगे। पुलिस ने युवकों का पीछा कर पकड़ लिया।
इस दौरान एसआई राजेश कुमार बाइक पकड़ने के लिए जैसे ही दौड़े उनका पैर फिसल गया। इससे उनके पैर व हाथ में चोट आ गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक के पास से पुलिस ने करीब 14 किलो नकली घी बरामद किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम देवेंद्र कश्यप पुत्र बिहारी लाल, मोहित कश्यप पुत्र गंगासरन निवासीगण डाहलेपुर बताया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि देवेंद्र पहले भी नकली दही बेचने के आरोप में जेल जा चुका है।