छिबरामऊ (कन्नौज)। विकास खंड मुख्यालय द्वारा आदर्श चुनाव आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस संबंध में विकास खंड के कई बीडीसी सदस्यों ने संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायतीपत्र भेज मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
विकास खंड के पूर्व ब्लाक प्रमुख व क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्रजकिशोर सिंह समेत कई बीडीसी सदस्यों ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके बावजूद भी तीन सदस्यीय ब्लाक संचालन समिति द्वारा क्षेत्र की ग्राम सभा हाथिन एवं भीकमपुर सानी में गलियों का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। बीडीसी सदस्यों ने इन निर्माण कार्यों को कराकर फर्जी भुगतान कराए जाने की भी आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह सब आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। जबकि क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद का मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। ऐसी स्थिति में इनके द्वारा नए निर्माण कार्यों का प्रारंभ कराया जाना जहां आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। बीडीसी सदस्यों ने उक्त प्रकरण की अभिलंब जांच कराकर कराए जा रहे कार्यों पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों को भेजे पत्र में बीडीसी सदस्य रावेंद्र, अनुपम, मंजू, मेघनाथ, विनोद, अर्जुन, मीना व राकेश आदि ने हस्ताक्षर किए हैं।
आचार संहिता के बाद कराए जा रहे निर्माण कार्य
-बीडीसी सदस्यों ने संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी शिकायत