सदर कोतवाली क्षेत्र के भिम्मापुर्वा गांव में रविवार दोपहर लगी भीषण आग से झोपड़ीनुमा 68 घर जल गए। दो मवेशी जल मरे। दमकल की चार गाड़ियों ने पांच घंटे जूझने के बाद आग पर काबू पाया। राजस्व अधिकारियों ने अग्निकांड में 25 लाख की संपत्ति जलने का अनुमान लगाया है। आग कैसे लगी, यह साफ नहीं हो सका है। भिम्मापुर्वा गांव में दोपहर अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई। देखते-देखते विकराल हुई आग ने अन्य झोपड़ियों को चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, पर आग फैलते ही गई। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को अग्निकांड की सूचना दी। सदर कोतवाली में खड़ी दमकल गांव भेजी गई। इससे भी आग पर काबू न पाया जा सका तो छिबरामऊ व तिर्वा से अन्य तीन दमकल गाड़ियां गांव भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने करीब पांच घंटे जूझने के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 68 घर पूरी तरह जल चुके थे।
अग्निकांड में स्वामी दयाल व पूरन के मवेशी जल कर मर गए। सहक्रांती का मवेशी झुलस गया। एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला, तहसीलदार राजेश कुमार व लेखपाल विमल कुमार ने गांव पहुंच कर नुकसान का आंकलन किया। एसडीएम ने बताया कि आग से करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों के लिए कोटेदाराें के जरिए भोजन की व्यवस्था की गई है। सोमवार को पीड़ितों को सहायता के रूप मेें नगदी, राशन व मिट्टी का तेल उपलब्ध कराया जाएगा।