छिबरामऊ (कन्नौज)। शहर के मोहल्ला इब्राहीमगंज में कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने बक्से में रखी नगदी और जेवरात पार कर दिए।
क्षेत्र के धरनीधरपुर नगरिया गांव निवासी चरन सिंह शर्मा पुत्र अर्जुनलाल परिवार के साथ शहर के मोहल्ला इब्राहीमगंज में सुशील यादव के मकान में किराए पर रहते हैं। शनिवार की रात वह और पत्नी रेखा शर्मा बरामदे में सो रहे थे, जबकि उसका बेटा रामू दूसरे कमरे में सो रहा था। रात में किसी समय मकान में घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़ दिया और कमरे में रखे बक्से से 15 हजार रुपये की नगदी, 4 अंगूठी, मंगलसूत्र, पायल, कान के बाला, भरा हुआ गैस सिलेंडर आदि सामान चोरी कर ले गए। रात करीब ढाई बजे जब रेखा की आंख खुली, तो कमरा खुला पड़ा देख दंग रह गई। जब वह कमरे के अंदर पहुंची और सामान बिखरा पड़ा देखा, तो उसके होश उड़ गए। उसने इस घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।